बिजलीघर के पास दर्दनाक हादसा: बाइक टक्कर में गई एक की जान
फग्गू में आमने-सामने भिड़ीं बाइकें: एक की मौत, दूसरा गंभीर घायल

फग्गू में भीषण सड़क हादसा: बाइक टक्कर में एक की मौत, दूसरा गंभीर घायल
रोड़ी। जिले के गांव फग्गू में वीरवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा गांव फग्गू स्थित बिजलीघर के पास उस समय हुआ जब दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।
जानकारी के अनुसार, गांव रोड़ी के माछी पत्ती निवासी गुरलाल सिंह और सुखजीत सिंह किसी काम से कालांवाली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से गांव जोधकां के निवासी पुरुषोत्तम (45) और जगदीश पूनिया (50) अपनी बाइक पर कालांवाली से अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही दोनों बाइक बिजलीघर के समीप पहुंचीं, अचानक उनकी टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जगदीश पूनिया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पुरुषोत्तम गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। एएसआई सुखविंदर सिंह के नेतृत्व में टीम ने घायल को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
सूचना पाकर रोड़ी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच एसआई नरेश कुमार द्वारा की जा रही है।
पुलिस ने कहा कि हादसे के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।